ट्रक-डंपर की चपेट में आकर काल के गाल में समा गए 4 लोग

भोपाल

राजधानी की सड़कों पर 24 घंटे के दौरान अलग-अलग इलाकों तेज रफ्तार ट्रक और डंपर मौत बनकर दौड़े। इन भारी वाहनों ने दो पहिया वाहन सवार चार लोगों की जान ले ली। ये हादसे हबीबगंज, मिसरोद और बिलखिारिया थाना क्षेत्र में घटित हुए। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना हबीबगंज के एसआई वीपी विश्वकर्मा के मुताबिक मूलत: सागर निवासी अमित रैकवार पुत्र डेलन (24) यहां एमपी नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करता था। वह रेस्टोरेंट मालिक के ई-7 अरेरा कॉलोनी स्थित सर्वेंट क्वाटर में रहता था। वह गुरुवार रात काम खत्म होने के बाद रात करीब एक बजे अपनी मोपेट से सर्वेंट क्वाटर जा रहा था। तभी बांसखेड़ी चौराहे पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह उछल कर बिजली के खंबे से टकरा गया। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी कल मौत हो गई।

बिलखिरिया में डंपर बना काल
बिलखिरिया थाना पुलिस के मुताबिक जाटखेड़ी मिसरोद निवासी जागेश्वर दिवाकर पुत्र धन्नूलाल(50) मजदूरी करता था। वह कल कोकला में रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां गया था। शाम करीब सात बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी बीच झागरिया पहाड़ी के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया और डंपर को जब्त कर लिया है। पुलिस मर्ग कायम कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।

मनीषा मार्केट: ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला…
हबीबगंज थाना के एएसआई पप्पू कटियार ने बताया कि बरखेड़ी निवासी पंकज भास्कर(25) जमेटो में डिलेवरी मैन है। वह कल अपने दोस्त अहीर मोहल्ला जहांगीराबाद निवासी प्रियांशु शाह पुत्र राम सिंह(23) के साथ डिलेवरी सप्लाई कर रहा था। प्रियांशु बेरोजगार था, इसलिए वह अपने दोस्त के साथ रहकर जमेटो में डिलेवरी का काम सीख रहा था। रात में दोनों दोस्त बाइक से गुलमोहार डिलेवरी करने पहुंचे थे। जहां से मनीषा मार्केट होते हुए बाइक से एमपी नगर लौट रहे थे। तभी रात करीब पौने बारह बजे अरेरा पेट्रोल पंप के पास चौराहा पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रियांशु की ट्रक के पहिये में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पंकज घायल हो गया। पुलिस ने बिल्डिंग मटेरियल से भरे ट्रक को जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिसरोद: बाइक सवार को रौंदा
मिसरोद थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम छान निवासी अशोक मेहर पुत्र कालूराम(32) इलाके में पंचर बनाने की दुकान चलाता है। कल रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। तभी टोल नाका के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मारते हुए रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद ट्रक जब्त कर लिया है। जबकि आरोपी चालक फरार हो गया।